360 NEWS360 NEWS
Home / 360° Perspective

कुछ तो गड़बड़ है टाटा ग्रुप के अंदर

1868 में स्थापना के बाद से इस समूह ने कई तूफान झेले हैं, लेकिन इस बार संकट कुछ अलग ही चेतावनी दे रहा है।

Published
Original News Source Navjivan India — विचार
Content & Media Rights Navjivan India — विचार
Editorial Publisher 360 NEWS (Independent Media)
GOOGLE ADVERTISEMENT
कुछ तो गड़बड़ है टाटा ग्रुप के अंदर
Photo / Source: Navjivan India — विचार

टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस पर नियंत्रण के लिए छिड़ी लड़ाई का नतीजा जो भी निकले, सबसे बड़ा नुकसान उस साख को होने वाला है जिसे इस कारोबारी समूह ने पीढ़ियों की कड़ी मेहनत से अर्जित किया है। साथ ही, उन कई प्रतिष्ठित लोगों की साख भी दांव पर होगी जो टाटा संस और विभिन्न टाटा ट्रस्ट्स के बोर्ड में शामिल हैं।

टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के समर्थकों और विरोधियों के बीच छिड़ी इस लड़ाई में नैतिकता, उसूल और कायदे-कानून, सब बहुत लचीले साबित हुए हैं। विरोध करने वालों में टाटा ट्रस्ट्स के वाइस-चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह, तथा टाटा संस के मौजूदा चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन शामिल हैं। इस लड़ाई ने भारतीय रिजर्व बैंक की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

GOOGLE ADVERTISEMENT

पहला सवाल यह है कि टाटा ट्रस्ट्स की ओर से बोले कौन? दिवंगत रतन टाटा (जिन्हें आरएनटी के नाम से भी जाना जाता था) के सौतेले भाई नोएल टाटा को अपने ही वाइस-चेयरमैनों के कड़े सार्वजनिक विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इन वाइस-चेयरमैनों ने महाराष्ट्र के कमिश्नर ऑफ ट्रस्ट्स से भी शिकायत की है। रतन टाटा के निधन के बाद नोएल को सर्वसम्मति से ट्रस्ट्स का चेयरमैन बनाने के लिए एकजुट होने वाले भी यही लोग थे, लेकिन अब वे उनके खिलाफ हैं।

दूसरा सवाल टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन (‘चंद्रा’ के नाम से चर्चित) के आचरण और टाटा संस के स्वतंत्र निदेशकों (जिनमें हरीश मनवानी और अनीता मरंगोली जॉर्ज शामिल हैं) की भूमिका को लेकर है। नोएल टाटा को छोड़कर, टाटा संस बोर्ड के सभी सदस्यों ने अपने दो प्रमुख शेयरधारकों की राय लिए बिना ही, चंद्रा को बतौर टाटा संस के चेयरमैन तीसरा कार्यकाल दिए जाने पर सहमति दे दी। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है, और नोएल साफ कर चुके थे कि वे चंद्रा को तीसरा कार्यकाल देने के पक्ष में नहीं हैं। जिन निदेशकों ने चंद्रा को पांच साल का तीसरा कार्यकाल देने के पक्ष में वोट दिया, उन्होंने यह बात भी नजरअंदाज कर दी कि चंद्रा दो साल में ही टाटा संस के कार्यकारी निदेशकों के लिए निर्धारित अनिवार्य रिटायरमेंट की उम्र पार करने वाले हैं।

कॉरपोरेट जगत में मतभेद और उत्तराधिकार की लड़ाइयां कोई नई बात नहीं। लेकिन टाटा समूह का जोर हमेशा से अपनी नैतिकता, उच्च मानकों का पालन और सही तरीके से काम करने पर रहा है। वह सारी उच्च आदर्शवादी बातें अब हवा हो गई हैं।

आपस में लड़ रहे पक्ष सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे की कमियां उजागर कर रहे हैं। एक-दूसरे को लिखे गए पत्र मीडिया में जारी किए गए, और बोर्डरूम में मतभेदों को सुलझाने या अलग-अलग विचारों पर चर्चा करने की कोई कोशिश सामने नहीं आई है। टाटा ट्रस्ट्स ने कई सामाजिक परियोजनाओं के लिए अनुदान मंजूर करने के वास्ते हाल ही में एक बैठक की थी, लेकिन ये विवादित मुद्दे उसके एजेंडे में शामिल नहीं थे।

इस बीच, टाटा संस बोर्ड की अगली बैठक 30 नवंबर को तय है। देखने की बात होगी कि क्या और किस तरह से निदेशक, कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक के साथ अपने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश करते हैं।

रतन टाटा के निधन के बाद अक्तूबर 2024 में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने नोएल टाटा भी पूरी तरह से दोषमुक्त नहीं हैं। ट्रस्टों पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश में, उन्होंने शायद ज्यादा जल्दबाजी में कई पुराने ट्रस्टियों को हटाना चाहा, जिनमें दो वाइस-चेयरमैन भी शामिल थे।

नोएल शायद अपने बच्चों के लिए भी समूह और ट्रस्टों में बड़ी भूमिका की संभावना तलाश रहे होंगे। असहमति की एक वजह शायद यह भी रही। इसके अलावा, शुरुआत में वेणु और अन्य ट्रस्टियों के साथ इस बात पर सहमत होने के बावजूद, कि चंद्रा को बतौर टाटा संस के चेयरमैन एक और कार्यकाल मिलना चाहिए, नोएल ने अपना इरादा बदल लिया। उन्होंने अपने साथी ट्रस्टियों के साथ इस बदलाव पर चर्चा करना भी जरूरी नहीं समझा।

इस बीच, चंद्रा ने यह भी दिखा दिया है कि अपना नियंत्रण बनाए रखने के लिए वह कुछ भी करने को तैयार हैं। शुरुआत में उन्होंने शायद नोएल टाटा से मतभेदों के कारण अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा होने पर पद छोड़ने की बात कही थी, लेकिन अब उनकी खासी दिलचस्पी तीसरा कार्यकाल स्वीकार करने में दिखाई दे रही है।

इस पूरे मामले में रिजर्व बैंक के नियम भी चर्चा के घेरे में हैं। रिजर्व बैंक ने टाटा संस को ‘अपर लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी’ की श्रेणी में रखा है। अपनी श्रेणी की अन्य एनबीएफसी कंपनियों के विपरीत, टाटा संस टाटा समूह की कंपनियों के अलावा किसी और को कर्ज नहीं देती है। साथ ही, इसने अपना सारा कर्ज भी चुका दिया है। कई विशेषज्ञों का कहना है कि रिजर्व बैंक, टाटा संस के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उसे लिस्ट होने (शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने) के लिए बाध्य नहीं करता है।

हालिया दौर में यह दूसरी बार है जब टाटा समूह नियंत्रण पाने के लिए एक तल्ख़ और आर-पार की लड़ाई में उलझा है। इससे पहले ऐसा तब हुआ था जब रतन टाटा ने गंभीर मतभेदों के बाद अपने चुने हुए उत्तराधिकारी साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाने का फैसला किया था। उस समय भी यह लड़ाई चुनिंदा जानकारी लीक करके, चिट्ठियां लिखकर, मीडिया को जानकारी देकर और अदालती कार्यवाही के जरिये लड़ी गई थी।

यह लड़ाई भी अब अदालत पहुंच चुकी है। टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस और उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दोनों पक्षों की ओर से देश के कुछ बेहतरीन वकील उनके लिए खड़े हैं।

मौजूदा मुश्किलें शायद इसलिए भी पैदा हुई हैं, क्योंकि रतन टाटा अंत तक ग्रुप पर अपना नियंत्रण नहीं छोड़ पाए। टाटा संस के चेयरमैन पद से रिटायर होने के बाद भी, रतन टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के प्रमुख के तौर पर समूह पर अपना नियंत्रण बनाए रखा, क्योंकि टाटा ट्रस्ट्स ही टाटा संस का मुख्य शेयरधारक है। और भले ही रतन टाटा जानते होंगे कि अन्य कॉरपोरेट समूहों में उत्तराधिकार की लड़ाइयां कैसे होती हैं, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया कि उनके बाद ऐसी कोई नौबत न आए। उन्होंने यह भी साफ करना ज़रूरी नहीं समझा कि उनके बाद ट्रस्टों का नियंत्रण किसके पास होगा।

रतन टाटा चाहते थे कि टाटा संस के चेयरमैन के चुनाव और अन्य अहम फैसलों पर वीटो का अधिकार टाटा ट्रस्ट्स के पास रहे। वह नहीं चाहते थे कि टाटा संस लिस्टेड हो। इन दोनों मुद्दों पर नोएल की राय रतन टाटा से अलग नहीं है।

जहां नोएल चाहते हैं कि टाटा संस एक प्राइवेट कंपनी बनी रहे, वहीं दूसरा सबसे बड़ा शेयरहोल्डर- शापूरजी पलोनजी ग्रुप, जिसके पास टाटा संस की लगभग 18.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है, इसकी लिस्टिंग कराने का खासा इच्छुक है। इससे उन्हें अपने शेयरों की वैल्यू अनलॉक करने में मदद मिलेगी। ‘मिंट’ की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, शापूरजी मिस्त्री पिछले एक साल से लगातार रिजर्व बैंक के पास पैरवी कर रहे हैं और टाटा संस की लिस्टिंग के लिए जोर डाल रहे हैं।

1868 में अपनी स्थापना के बाद से इस समूह ने कई तूफानों का सामना किया है और उनसे पार भी पाया है, लेकिन इस बार का यह मौजूदा संकट बड़े स्थायी नुकसान की चेतावनी दे रहा है।

(प्रोसेनजीत दत्ता अनुभवी बिज़नेस पत्रकार और लेखक हैं)

360°

360° PERSPECTIVE

Verified viewpoints, counter-arguments & evidence

नीतिगत समर्थक एवं संस्थागत विश्लेषक (संस्थागत आकलन, लोक नीति समीक्षा)
2026-11-29

"इस घटनाक्रम के समर्थकों और विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और संस्थागत जवाबदेही को मजबूत करता है। इससे सार्वजनिक हित में सकारात्मक परिणाम अपेक्षित हैं।"

Related Stories

Editorial & Syndication Notice: This story has been syndicated or published by 360 NEWS in accordance with verified fair-use, official press dissemination, and original attribution protocols. All trademarks, photos, and referenced quotes remain the property of their respective owners. For editorial corrections, press inquiries, or rights notices, contact [email protected].